पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा को प्रचंड बढ़त, आदित्य साहू ने जताई प्रसन्नता
रांची, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान भाजपा को मिल रही प्रचंड बढ़त पर भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
साहू ने कहा कि अब अंधेरा छंटने और भगवामय सूरज के उदय होने की ओर है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को इस सकारात्मक रुझान के लिए बधाई दी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास और सुशासन की राजनीति पर जनता के समर्थन का संकेत बताया।
आदित्य साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार के 15 वर्षों के कुशासन का अंत निश्चित है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से तृणमूल सरकार की नीतियों से त्रस्त थी। उन्होंने कहा कि घुसपैठ को बढ़ावा देने, तुष्टिकरण की राजनीति को चरम पर पहुँचाने और भ्रष्टाचार के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हुई थी। साथ ही, कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध और अराजकता के माहौल से जनता परेशान थी, आज उसका अंत हाेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आज बंगाल की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इन सभी स्थितियों का जवाब देते हुए बदलाव का मार्ग चुना है और एक नई दिशा की शुरुआत की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मतगणना में मिल रही बढ़त पर कहा कि यह संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। जब कार्यकर्ता पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ मैदान में उतरते हैं, तब ऐसे ऐतिहासिक परिणाम सामने आने की संभावना प्रबल हाे उठती है।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस के लिए पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता-जनार्दन को नमन और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का हार्दिक अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में बंगाल में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हाेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली एतिहासिक बढ़त कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और उनके वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ जनता के बीच काम किया है, यह उसी का प्रमाण है। यह बढ़त हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की प्रेरणा देता है। तीनों राज्यों में मिली इस के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।
इस दौरान समीर उरांव, रवीन्द्र राय, राकेश प्रसाद,बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, आरती कुजूर, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, अमित कुमार, शालिनी बैशख़ियार, दीपक बंका, सूरज चौरसिया, अशोक बड़ाईक, प्रदीप सिन्हा, प्रतुल शाहदेव, रफ़िया नाज़ सहित कई उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

