राधा गोविंद विश्वविद्यालय में युवा ऊर्जा का मना उत्सव
रामगढ़, 17 जुलाई (हि.स.)। राधा गोविंद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में शुक्रवार को बीए भूगोल और एमए भूगोल के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत और एमए भूगोल के विद्यार्थियों के सम्मान में फ्रेशर्स सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी छात्रों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और निरंतर अध्ययन के महत्व से परिचित कराया। दूसरी ओर, विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में बिताए गए अपने अनुभव साझा किया।
कार्यक्रम में गीत, संगीत, नृत्य, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा ने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।
इसी दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के आधार पर मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर, मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल का चयन कर उन्हें ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र दिया गया। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता का विकास और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
कुलपति प्रो रश्मि ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन नई संभावनाओं और अवसरों का द्वार खोलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवनभर सीखते रहने और उत्कृष्टता की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

