home page

श्रावणी मेला में सीसीएल ने शुरू किया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, कांवरियों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

 | 
श्रावणी मेला में सीसीएल ने शुरू किया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, कांवरियों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा


देवघर, 31 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर शुक्रवार को देवघर के दुम्मा में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर 28 अगस्त तक संचालित रहेगा। इसके माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवड़ियों और स्थानीय ग्रामीणों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुई। इसके बाद सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने फीता काटकर चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी भी ली।

इस अवसर पर हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। सीसीएल अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रखेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार भी मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar