सीसीएल सुरक्षा दल ने की छापेमारी, 210 टन अवैध कोयला जब्त
रामगढ़, 15 मई (हि.स.)। जिले में सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के सुरक्षा दल ने कोयला चोरी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को भुचुंगडीह गांव में क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व और कोयला चोर सीसीएल रजरप्पा परियोजना और वाशरी रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी कर उसे आसपास के जंगलों एवं झाड़ियों में छुपाकर भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद सुरक्षादल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न स्थानों से लगभग 210 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। जब्त किए गए कोयले को विधिवत रजरप्पा परियोजना प्रबंधन को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने कहा कि सीसीएल की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोयला चोरी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की कोयला चोरी, अवैध भंडारण या अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों में शामिल न हों और न ही ऐसे कार्यों को बढ़ावा दें। यदि किसी भी व्यक्ति को कोयला चोरी या डीजल चोरी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है तो इसकी जानकारी तुरंत सीसीएल सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी में वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक नकुल नायक, सुरक्षा निरीक्षक अजय कुमार राणा, सुरक्षा गार्ड दशरथ उरांव के अलावे 06 गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

