home page

सीसीएल की बैठक में खदान सुरक्षा-श्रमिक कल्याण पर मंथन

 | 
सीसीएल की बैठक में खदान सुरक्षा-श्रमिक कल्याण पर मंथन


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में मंगलवार को 37 वीं कॉर्पोरेट स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान खास तौर पर खदान सुरक्षा और श्रमिक कल्याण पर मंथन किया गया। कार्यक्रम में डीजीएमएस अधिकारियों और सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में सुरक्षा बोर्ड के सदस्यों ने खदान सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीजीएमएस, सीसीएल प्रबंधन और सेफ्टी बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में खदानों में सुरक्षा मानकों, वैधानिक अनुपालन, व्यावसायिक स्वास्थ्य और श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।

साथ ही पिछली बैठक में दिए गए सुझावों के अनुपालन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

डीडीजी (एसईजेड) एसएस प्रसाद ने खदानों में कार्यरत महिलाओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं, अलग सुरक्षा व्यवस्था और वार्षिक मेडिकल परीक्षण (पीएमई) की संरचना को सुदृढ़ करने पर बल दिया।

वहीं आरटी मंडेकर ने महिला कर्मचारियों के लिए अलग शौचालय, आधुनिक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र और व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य (ओएसएच) के तहत विशेष टास्क फोर्स गठित करने का सुझाव दिया। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सभी सुझावों को लागू करने का आश्वासन देते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित कार्य वातावरण के साथ उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की दिशा में सभी मिलकर कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar