सीसीएल में 110 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी सम्मान पूर्वक विदाई
रांची, 30 जून (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जून 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले छह कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 110 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में अतनु चौधरी, विनोद एमेल सुरीन, बिरसा उरांव, पंकज कुमार, लैजरस खलखो एवं अनिता निर्मला तिर्की शामिल हैं। सबों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और स्मृतियां साझा कीं।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि कर्मियों ने अपनी लगन, निष्ठा और कार्यकुशलता से कंपनी को मजबूती प्रदान की है। उनके अनुभव, अनुशासन और समर्पण ने संगठन की कार्यसंस्कृति को समृद्ध किया है तथा उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

