वादाखिलाफी से आहत युवक टावर पर चढ़ा, चंद्रगुप्त परियोजना में मचा हड़कंप
चतरा, 04 नवंबर (हि.स.)। टंडवा में सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में रोजगार के मुद्दे पर एक बार फिर विवाद गहरा गया। सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के जीएम आरएस यादव पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए पचड़ा गांव निवासी राहुल कुमार खुदकुशी की कोशिश की।
राहुल कंपनी के साइट कार्यालय परिसर में लगे टावर पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से परियोजना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि राहुल कुमार चंद्रगुप्त ओसीपी परियोजना के विस्थापित क्षेत्र पचड़ा गांव का निवासी है। उसने आरोप लगाया कि कंपनी के जीएम ने रोजगार को लेकर पूर्व में आश्वासन दिया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। घटना ने परियोजना में स्थानीय युवाओं के रोजगार और विस्थापितों की समस्याओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर सीसीएल प्रबंधन ने मामले को एमडीओ का बताते हुए जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की बताई है। युवक को काफी मशक्कत के बाद उतारा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

