सीसीएल को ग्रीनटेक सीएसआर इंडिया प्लेटिनम अवार्ड से किया गया सम्मानित
रांची, 14 मई (हि.स.)। सेण्ट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) को उत्कृष्ट कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के लिए प्रतिष्ठित ग्रीनटेक सीएसआर इंडिया प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया।
सीसीएल की ओर से गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि यह सम्मान सीसीएल के हजारीबाग कोयला खनन क्षेत्र में संचालित समग्र सामुदायिक विकास परियोजना के लिए प्रदान किया गया, जिसने आसपास के नाै गांवों के लगभग 5000 परिवारों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में यह पुरस्कार सीसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल के नेतृत्व वाली टीम ने प्राप्त किया। यह सम्मान ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन तथा सतत विकास के क्षेत्र में सीसीएल के उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
सीसीएल की ओर से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बहुआयामी प्रयास किए गए। परियोजना के तहत गांवों में तालाब निर्माण एवं पुनर्जीवन, वाटरशेड विकास, जैविक खेती को बढ़ावा, पशुधन विकास, सूक्ष्म उद्यमों का सृजन, सौर आधारित पेयजल व्यवस्था तथा सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की गईं।
परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि इसमें महिलाओं की सक्रिय एवं नेतृत्वकारी भागीदारी सुनिश्चित की गई। महिला स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं को आजीविका आधारित गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया गया। इसके परिणामस्वरूप प्रत्येक परिवार की औसत वार्षिक आय में वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही, रोजगार एवं आय के स्थानीय अवसर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले पलायन में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
यह परियोजना केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने ग्रामीण समुदायों में आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरणीय संतुलन की भावना को भी मजबूत किया है। जल संरक्षण एवं जैविक कृषि जैसे उपायों ने स्थानीय पर्यावरण को सुदृढ़ करने के साथ-साथ किसानों की उत्पादन क्षमता एवं आय में भी सकारात्मक प्रभाव डाला है।
सीसीएल निरंतर शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। कंपनी का विश्वास है कि वास्तविक विकास तभी संभव है जब उद्योग और समुदाय साथ-साथ आगे बढ़ें।
सीसीएल सदैव समाज के समग्र उत्थान, ग्रामीण आत्मनिर्भरता एवं समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्ध रही है। ग्रीनटेक सीएसआर इंडिया प्लेटिनम अवार्ड कंपनी के इसी जनकेंद्रित दृष्टिकोण एवं सतत विकास की भावना का प्रमाण है।
भविष्य में भी सीसीएल अपने खनन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

