home page

सीसीएल में मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर कार्यशाला आयोजित

 | 
सीसीएल में मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर कार्यशाला आयोजित


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। सीसीएल ने कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बात पर कल्याण विभाग के सहयोग से शनिवार को मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर कार्यशाला आयोजित किया।

उद्घाटन सत्र में सीसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) एमएफ हक और महाप्रबंधक (कल्याण) एसके ठाकुर मौजूद थेे। वहीं केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (सीआईपी), रांची की विशेषज्ञ रश्मि बिरुवा और कल्पना टोप्पो ने प्रतिभागियों से बात कर मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्य-जीवन संतुलन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों और मुख्यालय से आए एसओ (एचआर) सहित कई प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य और कार्यक्षमता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। कार्यस्थल पर तनाव की पहचान, उसके प्रभावी प्रबंधन और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। खनन उद्योग की चुनौतीपूर्ण कार्यप्रकृति को देखते हुए ऐसे कार्यक्रमों के महत्व पर भी चर्चा हुई।

प्रतिभागियों को तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने और सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar