सीसीएल के समाधान शिविर में कर्मचारियों ने रखी समस्याएं
रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय की ओर से बुधवार को अरगडा क्षेत्र में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कर्मचारियों ने अपनी सेवा संबंधी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें प्रबंधन के समक्ष रखीं। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और पारदर्शी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।
शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक गौतम चौधरी ने की। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कर्मचारियों ने आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, पदोन्नति, सेवा संबंधी लंबित मामलों सहित अन्य समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष रखा।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि समाधान शिविर कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण, जवाबदेह प्रशासन और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। अधिकारियों ने शिकायतों की समीक्षा करते हुए संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान की। जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया।
इस अवसर पर अरगडा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) तेजविंदर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं नोडल अधिकारी समाधान सेल ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल), सभी इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

