स्वच्छता ही सेवा-2026 कार्यक्रम में सीसीएल कर्मियों ने ली शपथ
रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। रांची के दरभंगा हाउस स्थित सीसीएल मुख्यासलय में सोमवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की उपस्थिति रही। साथ ही मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इसके बाद सभी निदेशक और मुख्य सतर्कता अधिकारी ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह स्वच्छता जागरूकता रथ रांची के विभिन्न चौक-चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों और गली-मुहल्लों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा-2026 की थीम स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सीसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों में भी विभिन्न स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

