सीसीएल के कर्मियों को मिला कौशल उन्नयन प्रशिक्षण
रामगढ, 25 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के श्रेणी-1 कर्मचारियों के कौशल उन्नयन को लेकर बीटीटीआई, भुरकुंडा में आयोजित पांच दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ।
पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए 63 कर्मचारियों ने भाग लेकर आधुनिक कार्यप्रणाली और तकनीकी दक्षता से जुड़ी जानकारी हासिल की।
इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत सीसीएल के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के तकनीकी कौशल को बेहतर बनाना और उन्हें भविष्य की कार्य आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना था। अतिथियों ने प्रतिभागियों से संवाद कर उन्हें निरंतर कौशल विकास, नई तकनीकों को अपनाने और कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को कक्षा आधारित सैद्धांतिक शिक्षा के साथ कंप्यूटर पर व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ संगठन की उत्पादकता और दक्षता को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन समारोह में मुख्य् रूप से बरका-सयाल क्षेत्र के महाप्रबंधक (खनन) रंजय सिन्हा, महाप्रबंधक (एचआरडी) एमएफ हक, मुख्य प्रबंधक (एचआरडी) विकास कुमार सिंह सहित बीटीटीआई, भुरकुंडा के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

