सीसीएल में सामान्य सहायक कर्मचारियों का कंप्यूटर प्रशिक्षण संपन्न
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित मानव संसाधन विभाग की ओर से शनिवार को सामान्य सहायक कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसके साथ ही सबों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न क्षेत्रों से आए 26 कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सीसी
एंड पीआर विभाग के महाप्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान प्रत्येक कर्मचारी के लिए आवश्यक है और ऐसे प्रशिक्षण संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक एमएफ हक ने कहा कि सीसीएल कर्मचारियों के सतत कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता बढ़ाना और उन्हें कार्यालय कार्यों में उपयोग होने वाले आधुनिक कंप्यूटर अनुप्रयोगों और डिजिटल प्रणालियों से परिचित कराना था।
प्रतिभागियों को एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, ऑफिस एप्लिकेशन, ई-ऑफिस, हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग के साथ कंपनी में उपयोग होने वाले विभिन्न डिजिटल एप्लिकेशन और ऑनलाइन प्रणालियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इससे कर्मचारियों को दैनिक कार्यालयीन कार्यों को अधिक गति, दक्षता और प्रभावशीलता के साथ संपादित करने का कौशल प्राप्त हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

