सीसीएल में हर्षोल्लास से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस
रांची, 15 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में शनिवार 15 को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने गांधीनगर कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस दौरान सीएमडी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आजादी के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है। सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ झारखंड के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में अब तक कोयला उत्पादन में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत वृद्धि हुई है। मगध परियोजना की क्षमता 20 से बढ़ाकर 24 एमटीवाई की हो गई है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए बताया कि सीसीएल की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता 32.3 मेगावाट है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 279 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 322 हेक्टेयर में पौधरोपण किया गया। सरप्लस माइन वाटर यूटिलाइजेशन से करीब 140 गांवों के ढाई लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय और ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मौके पर निदेशक वित्त पवन कुमार मिश्रा, निदेशक मानव संसाधन हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक तकनीकी-संचालन चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक योजना एवं परियोजना अनुप हंजुरा, सीवीओ पंकज कुमार सहित अधिकारी, श्रमिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

