home page

सीसीएल में श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण शुरू

 | 
सीसीएल में श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण शुरू


रांची, 26 जून (हि.स.)।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास विभाग की ओर से चार नई श्रम संहिताओं और उनके तहत बनाए गए नियमों पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को एमटीसी, एचआरडी में शुभारंभ हुआ।

26 और 27 जून 2026 तक आयोजित कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय से 105 प्रतिभागी शामिल हुए। भारत सरकार के पूर्व मुख्य श्रम आयुक्त डॉ ओंकार शर्मा ने विशेषज्ञ संकाय के रूप में प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि भारत सरकार की ओर से लागू नई श्रम संहिताओं के प्रभावी अनुपालन के लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

वहीं निदेशक (तकनीकी-संचालन) चंद्रशेखर तिवारी ने बदलते औद्योगिक परिवेश में ज्ञानवर्धन और अद्यतन जानकारी की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ ओंकार शर्मा ने श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं और व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी दी। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्न और सुझाव साझा किए।

सीसीएल प्रबंधन के अनुसार यह पहल श्रम कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने, अनुपालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (तकनीकी-संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एमएफ हक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar