बोकारो कोषागार से अवैध राशि निकासी मामले में सीआईडी जांच में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
रांची, 30 अप्रैल( हि.स.)। बोकारो कोषागार से अवैध राशि निकासी मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी ) के अधीन गठित एसआईटी टीम ने करोड़ों रुपये के लेनदेन और संपत्ति का खुलासा किया है।
24 अप्रैल 2026 को दर्ज कांड में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान अब तक करीब 03 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। कार्रवाई के क्रम में 01 करोड़ 80 लाख रुपये और 18 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट को फ्रीज किया गया है।
एसआईटी ने जांच के दौरान कारोबारी अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान बैंक लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के पास बोकारो के तेलीडीह क्षेत्र में 0.408 डिसमिल जमीन पर तीन मंजिला मकान और 04.98 डिसमिल अन्य जमीन है।
इस मामले में अबतक मुख्य आरोपित कौशल कुमार पाण्डेय (लेखापाल), गृहरक्षक समीश कुमार, एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बोकारो में प्रतिनियुक्त थे। सीआईडी के अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

