खनन संविदाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम
रांची, 29 जून (हि.स.)।
सीसीएल के मानव संसाधन विकास विभाग की ओर से सतर्कता विभाग के तत्वावधान में एमटीसी में सोमवार को खनन संविदाएं विषय पर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) अनुप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एमएफ हक और महाप्रबंधक (सीएमसी) राजीव ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
मौके पर सीसीएल के निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) अनुप हंजूरा ने कहा कि खनन संविदाओं के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने संविदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पहचान, हिंड्रेंस रजिस्टर के समुचित संधारण और नियमों एवं प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी पर विशेष बल दिया।
महाप्रबंधक (सीएमसी) राजीव ने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय के लिए अधिकारियों का नियमित क्षमता संवर्धन आवश्यक है। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को कम करने और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खनन संविदाओं से संबंधित प्रक्रियाओं, चुनौतियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों और विभागों से बडी संख्या में अधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

