home page

बाल श्रम के खिलाफ अभियान में एक बाल श्रमिक रेस्क्यू

 | 
बाल श्रम के खिलाफ अभियान में एक बाल श्रमिक रेस्क्यू


रामगढ़, 11 जून (हि.स.)। जिले में बाल श्रमिकों के रेस्क्यू के लिए एक बार फिर अभियान चलाया गया। जिले में बाल श्रम के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों पर श्रम विभाग सक्रिय है। श्रम अधीक्षक अनिल रंजन ने बताया कि डीसी ऋतुराज के निर्देश पर जिले में बाल श्रम के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। बाल श्रमिकों का होटलों और दुकानों में काम करना गैरकानूनी है। यहां तक कि औद्योगिक संस्थानों में भी बाल श्रमिकों के खिलाफ कोर्ट ने भी निर्देश जारी किया है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को रामगढ़ शहर के अग्रवाल होटल, शिवगंगा होटल, आरके ढाबा, कल्याणी ढाबा सहित कई अन्य होटलों और ढाबों में जांच अभियान चला। इस दौरान अग्रवाल होटल से एक नाबालिग बाल श्रमिक को रेस्क्यू किया गया है। बाल श्रमिक को कल्याण विभाग की ओर से बनाए गए आश्रय गृह में रखा गया है।

श्रम अधीक्षक अनिल रंजन ने बताया कि रामगढ़ जिले में बाल श्रम के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा। उन्होंने जिले के सभी छोटे और बड़े व्यवसायियों को आगाह किया है कि वे बाल श्रमिकों को अपने संस्थानों और प्रतिष्ठानों में ना रखें। इस जांच अभियान में डीसीपीओ शांति बागे, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी इंद्रदेव ठाकुर, अग्रगति एनजीओ से बिलाल अंसारी सहित अन्य लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश