गणना प्रपत्र वितरण लगभग पूरा, उपायुक्त ने दिए कई निर्देश
लोहरदगा, 13 जुलाई (हि.स.)।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है और अब प्रपत्रों के संग्रहण व डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में नगर क्षेत्र में गणना प्रपत्रों का संग्रहण अपेक्षाकृत धीमा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से जनजागरूकता बढ़ाने और अभियान को समय पर पूरा कराने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने जानकारी दी कि 14 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की द्वितीय बैठक तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन होगा, जिसमें एएसडीडी सूची और अनमैप्ड मतदाताओं पर चर्चा कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने पर जोर दिया जाएगा।
इस दौरान पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, एसडीओ अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

