रांची में 'चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग' का आगाज़, पहले दिन देखने को मिले रोमांचक मुकाबले
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की रांची शाखा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग और महिला प्रीमियर लीग का शुभारंभ शनिवार को रांची जिमखाना क्लब ग्राउंड में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। उद्घाटन दिवस पर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और उनके परिवारजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
आईपीएल की तर्ज पर दिवा-रात्रि (डे-नाइट) प्रारूप में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में पुरुष टीमों को चार-चार के दो समूहों में बांटा गया है। पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग के एक प्रमुख मुकाबले में रांची इंडियंस ने टीम गरुडा को 74 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत में सीए विवेक जैन और सीए प्रशांत साबू की अर्धशतकीय पारियों ने अहम भूमिका निभाई। वहीं रांची वॉरहॉक्स ने सीए अनुभव गारोडिया की शानदार गेंदबाजी (3 विकेट, मात्र 3 रन) के दम पर रांची सुपरस्ट्राइकर्स को 4 रन से हराया।
अन्य मुकाबलों में वेल्थ मैटर्स ने रांची वारियर्स को 8 विकेट से हराया, जबकि रांची धुरंधर ने रांची टायफूंस को 35 रनों से पराजित किया। रांची वॉरहॉक्स ने अपने दूसरे मैच में टीम गरुडा को 46 रन से हराकर शानदार फॉर्म जारी रखा।
हालांकि, रांची इंडियंस को अपने दूसरे मुकाबले में रांची सुपरस्ट्राइकर्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वहीं वेल्थ मैटर्स को रांची टायफूंस चैलेंजर्स के खिलाफ हार मिली और रांची वारियर्स को एक लो-स्कोरिंग मैच में रांची धुरंधर ने मात दी। रांची सुपरस्ट्राइकर्स ने अपने तीसरे मैच में टीम गरुडा को भी हराया।
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। रांची इंडियंस ने सुविधा सुपरनोवास को हराया, जबकि रांची वारियर्स ने एक करीबी मुकाबले में रांची टोर्नेडोज को 3 रन से पराजित किया।
प्रारंभिक लीग मैचों के दौरान सभी टीमों के मालिकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सीए आरके कौशल, सीए बिनोद कुमार बांका, सीए राजीव रंजन मित्तल, सीए संजय अग्रवाल, सीए जेपी शर्मा, सीए राहुल चौधरी, सीए संदीप जालान और सीए तिरु आशीष जालान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उद्घाटन मैच की शुरुआत रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने टॉस कराकर की। आयोजन में लीग के कन्वेनर सीए मनीष जैन, डायरेक्टर सीए आशीष राणासरिया, सह-कन्वेनर सीए विकास जैन, सीए हेमंत माहेश्वरी, सीए श्रीकांत शर्मा तथा महिला लीग की कन्वेनर सीए मनीषा बियानी और सह-कन्वेनर सीए नेहा पपनेजा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

