डीएवी चितरा में महीनों बाद बस सेवा बहाल
देवघर, 25 अप्रैल (हि.स.)। डीएवी चितरा में पिछले कुछ महीनों से ठप पड़ी बस सेवा को आखिरकार फिर से शुरू कर दिया गया है। इस पहल का श्रेय सारठ विधायक को जाता है, जिन्होंने विद्यार्थियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया।
विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने इस दौरान छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि अस्थायी व्यवस्था के बजाय सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दीर्घकालिक समाधान को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बताया कि अब नई बस सेवा शुरू कर दी गई है, जो बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।
उन्होंने शनिवार को यह भी स्पष्ट किया कि पहले की व्यवस्था में डीजल से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं, जिन्हें नई व्यवस्था में पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
विधायक ने आगे आश्वासन दिया कि मुख्य सड़क से विद्यालय के प्रवेश द्वार तक जल्द ही पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे छात्रों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अंत में उन्होंने अभिभावकों के धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने दीर्घकालिक और बेहतर व्यवस्था के लिए कुछ समय तक असुविधा सहन की, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

