बस लूट की कोशिश नाकाम, हथियार के साथ चार गिरफ्तार
रांची, 13 मई (हि.स.)। रांची से बिहार के नालंदा जा रही जीवन ज्योति बस में लूट की कोशिश मामले में बुधवार रात चार आरोपितों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में कुंदन कुमार सोनी, अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, नितिन पांडेय उर्फ अमन और गोलू राम उर्फ गोलु बाल्मोकी शामिल हैं। इनके पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और दो मोबाइल जब्त बरामद किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 12 मई की रात रांची से नांलदा जाने वाली बस (जीवन ज्योति नामक बस) अरगोड़ा चौक के पहले नो इंट्री के कारण रुकी हुई थी। उसी समय तीन अपराधकर्मी बस के पास आये, जिसमें दो अपराधकर्मी बस में चढ़कर बस चालक को कनपट्टी में हथियार सटा दिये एवं रंगदारी की मांग करने लगे। बस चालक की ओर से विरोध करने पर बस चालक को जान मारने की नियत से फायरिंग किया गया, जिससे बस चालक बाल-बाल बच गये।
उसी समय अरगोड़ा चौक पर पुलिस गश्ती गाड़ी में उपस्थित पुलिस कर्मी एवं ट्रैफिक पुलिस कर्मी दौड़कर बस की ओर आये, जिसमें से एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया और दो अपराधकर्मी भागने में सफल रहे। सूचना पाकर अन्य पुलिसकर्मी भी वहां तुरंत पहुंचे और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। त्वरित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है। टीम की ओर से त्वरित कार्यवाही करते हुए पकड़ाये एक अपराधी के पास से एक अवैध हथियार, खोखा एवं मोबाईल जब्त किया गया। इस संबंध में अरगोडा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
अनुसंधान के कम में टीम ने लगातार छापेमारी कर भागे हुए दो अन्य अपराधी तथा हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

