home page

(अपडेट) मां और 14 वर्षीय पुत्र की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

 | 
(अपडेट)  मां और 14 वर्षीय पुत्र की हत्या, जांच में जुटी पुलिस


देवघर, 30 जून (हि.स.)। जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत महापुर पंचायत के नावाडीह गांव में सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक महिला और उसके 14 वर्षीय पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग तीन वर्ष पूर्व इसी परिवार के मुखिया की भी एक विवाद में हत्या कर दी गई थी। एक ही परिवार में दोबारा हुई इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारायठाड़ी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद आसपास के चार थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी घटनास्थल पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

जिला प्रशासन का कहना है कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। घटना के बाद नावाडीह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल है। वहीं इस निर्मम दोहरे हत्याकांड को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy