home page

रांची में भाई-बहन लापता, तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने लोगों से मांगी मदद

 | 
रांची में भाई-बहन लापता, तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने लोगों से मांगी मदद


रांची में भाई-बहन लापता, तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने लोगों से मांगी मदद


रांची, 27 मई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में बच्चों के लापता होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर का है, जहां बीते 25 मई की दोपहर से एक भाई और बहन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। पुलिस बच्चों की तलाश में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चला रही है।

लापता बच्चों की पहचान युवांश उर्फ तूफान (6 वर्ष) और उसकी बहन रोशनी कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्चों के पिता चिरंजीव महतो ने जगन्नाथपुर थाना में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

परिजनों के अनुसार, 25 मई की दोपहर दोनों बच्चे घर के आसपास खेल रहे थे, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उनका कोई पता नहीं चला। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में एक फुटेज में दोनों बच्चे घर से कुछ दूरी पर जाते हुए दिखाई दिए हैं। इसके बाद पुलिस उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके के अन्य कैमरों की भी बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस टीम रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्चों के संभावित मूवमेंट का सुराग मिल सके। इसके अलावा आसपास के थानों और संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और बच्चों को जल्द सुरक्षित बरामद करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इधर, बच्चों के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने बताया कि छह वर्षीय युवांश का इलाज भी चल रहा है, जिसके कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिवार के सदस्य लगातार बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और हर आने-जाने वाले से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत मोबाइल नंबर-9572650742 अथवा जगन्नाथपुर थाना के नंबर-9431706169 पर सूचना दें। पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि छोटी सी जानकारी भी बच्चों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे