बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चयन शिविर 29 को
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के तहत रांची जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से 29 मार्च 2026 को खेलगांव में चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर खेलगांव स्थित बॉक्सिंग हॉल, होटवार में आयोजित होगा।
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी गुलाम जावेद ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि आगामी 31 मार्च से एक अप्रैल 2026 तक रांची में राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित किया जाएगा। इसी के तहत जिला स्तर पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चयन शिविर में रांची जिले के जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ यूथ महिला और पुरुष बॉक्सरों का चयन किया जाएगा। इस प्रक्रिया में केवल रांची जिला के मान्यता प्राप्त क्लबों से जुड़े खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।
एसोसिएशन ने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है, ताकि प्रतियोगिता के लिए एक मजबूत टीम का गठन किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

