सफेदपोशों के संरक्षण से बोकारो के दारु स्मगलर रामगढ़ में जमा रहे पांव
रामगढ़, 13 मई (हि.स.)। जिले के गोला थाना क्षेत्र में अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। इस अवैध फैक्ट्री के पीछे कई हिस्ट्रीशीटर का नाम भी सामने आया है। रामगढ़ पुलिस की छानबीन में यह स्पष्ट हो गया कि जो लोग अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे, वे लोग बोकारो जिले के स्मगलर रह चुके हैं। बोकारो जिले में अवैध शराब की तस्करी के मामले में उनका नाम काफी पहले ही उजागर हो चुका था। बोकारो पुलिस की दबिश के कारण उन लोगों ने अपना ठिकाना बदला। वे लोग बोकारो और रामगढ़ जिला के सीमावर्ती इलाके में अपनी मिनी फैक्ट्री खोली। गोला थाना क्षेत्र का ऊपर खाखरा गांव उस जगह मौजूद है जिसके बाद बोकारो जिले की सीमा प्रारंभ हो जाती है।
ऊपर खाखरा गांव में आदिवासियों को बरगला कर जो लोग अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे, उनका सरगना विनोद साहू और जगदीश तेली है। इन दोनों के खिलाफ बोकारो जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। रामगढ़ जिले की गोला पुलिस ने उन दोनों का नाम इस कांड में सामने लाया है। गोला पुलिस के द्वारा दर्ज मामले में गोला निवासी विनोद साहू और बोकारो निवासी जगदीश तेली का नाम उजागर हुआ है। गिरफ्तार शराब तस्करों ने यह स्पष्ट किया है कि उन दोनों ने ही नकली शराब बनाने के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराया था। इस पूरे सिंडिकेट में ऊपर खाखरा निवास मनोज मुर्मू, सुदेश करमाली, बद्रीनाथ किस्कू, चोपदारू निवासी भदरू सिंह, रंजन महतो, सहदेव सिंह, दिलीप सिंह, नकुल सिंह, गोला निवासी विनोद साहू, बाजुन मांझी, जीवन मांझी, मंटू मांझी, बोकारो निवासी सुरेंद्र गुप्ता, जगदीश तेली शामिल रहे हैं।
विनोद साहू और जगदीश तेली काफी लंबे अर्से तक बोकारो जिले में ही अवैध शराब का कारोबार करते रहे हैं। बोकारो पुलिस और आबकारी विभाग की छापेमारी ने उनकी कमर तोड़ दी। दोनों ने बोकारो जिले को छोड़कर रामगढ़ जिले की जमीन पर अपना कारोबार जमाने का प्रयास किया। यहां कुछ सफेदपोशों ने उन्हें पूरा संरक्षण दिया। इसके बाद उस इलाके को उन्होंने अपना ठिकाना बनाया, जो बोकारो और रामगढ़ जिले की सीमा पर मौजूद है।
साथ ही आदिवासी समाज के उस वर्ग को इन लोगों ने अपना मोहरा बनाया जो पहले से ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल थे।
रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत की सक्रियता से अवैध शराब से जुड़ा सिंडिकेट पूरी तरीके से बिखर गया। उनके निर्देश पर गोला पुलिस ने छापेमारी की। इस इलाके में पिछले 06 महीने से पूरा सिंडिकेट सक्रिय तौर पर काम कर रहा था। इसकी भनक पुलिस को नहीं होगी, यह बात किसी को पच नहीं रही है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल जमीनी लोग तो गिरफ्तार कर लिए गए हैं, लेकिन मास्टरमाइंड विनोद साहू और जगदीश तेली अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

