home page

बोकारो ट्रेजरी घोटाला में सीआईडी ने की पहली गिरफ्तारी

 | 
बोकारो ट्रेजरी घोटाला में सीआईडी ने की पहली गिरफ्तारी


बोकारो, 27 अप्रैल (हि.स.)। ट्रेजरी से अवैध निकासी के बहुचर्चित मामले में सीआईडी को पहली बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गृहरक्षा वाहिनी के जवान सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपित एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त था और मुख्य आरोपित लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। जांच के दौरान सीआईडी को आरोपित के बैंक खाते में 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित के खाते में मौजूद 43 लाख रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले की जड़ें बोकारो ट्रेजरी के लेखा-जोखा में गड़बड़ी से जुड़ी हैं, जहां बड़े पैमाने पर फर्जी निकासी का मामला सामने आया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं और इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित एसआईटी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी ट्रेजरी धन की सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार