home page

रांची में औघड़ बाबा आश्रम के पास युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
रांची में औघड़ बाबा आश्रम के पास युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में औघड़ बाबा आश्रम के समीप से बुधवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है।

मृतक की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा कुम्हार टोली निवासी उपेंद्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निखिल राय ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की संभावना है।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे