home page

मुख्यमंत्री की पहल पर वियतनाम से लाया गया योग प्रशिक्षक का शव

 | 
मुख्यमंत्री की पहल पर वियतनाम से लाया गया योग प्रशिक्षक का शव


रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पहल पर वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत योग प्रशिक्षक रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत वापस लाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय एवं भारतीय दूतावास से निरंतर समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के अंतर्गत पांच लाख की वित्तीय सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रांची के कैलाश नगर निवासी राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वियतनाम में एक सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। परिजनों की ओर से राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए गुहार लगाई गई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास एवं संबंधित वियतनामी प्राधिकारियों से संपर्क साधा। इसके बाद प्रक्रियाएं पूर्ण कराते हुए पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता हवाई अड्डा लाया गया।

कोलकाता हवाई अड्डे पर परिजनों की ओर से आवश्यक दस्तावेज से संबंधित

औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक निवास तक सकुशल पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। पार्थिव शरीर देर रात तक आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे