home page

जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे पुल के नीचे मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

 | 

रांची, 14 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे एक पुल के नीचे से पुलिस ने रविवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। वह धुर्वा पानी टंकी स्थित महावीर मंदिर के समीप का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर पुल के नीचे अचेत अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर धुर्वा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को वहां से शराब की एक खाली बोतल भी मिली है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

पुलिस प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ मृतक की गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

धुर्वा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे