अज्ञात युवक का शव बरामद
देवघर, 06 मई (हि.स.)। जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आमतल्ला गांव के समीप जोरिया किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने जब जोरिया के पास शव पड़ा देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है। युवक के सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक इलाके का निवासी नहीं लग रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हत्या और दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

