home page

बीएमएस के महामंत्री ने एचईसी सीएमडी से मिलकर की वेतन सहित अन्य मांगों पर चर्चा

 | 
बीएमएस के महामंत्री ने एचईसी सीएमडी से मिलकर की वेतन सहित अन्य मांगों पर चर्चा


रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने एचईसी के सीएमडी केएस मूर्ति से मंगलवार को दिल्ली में मुलाकात कर एचइसी कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर मुलाकात की।

बैठक में वेतन भुगतान, चिकित्सा सुविधा, बच्चों की फीस में रियायत, प्लांट के पुनरुद्धार और कर्मचारियों के प्रोन्नति सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मौके पर सीएमडी ने मजदूरों की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए रमाशंकर प्रसाद ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।

प्रत्येक माह नियमित रूप से वेतन भुगतान नहीं मिलने से लगातार आर्थिक समस्याएं हो रही हैं। उन्होंने मजदूरों की विभिन्न समस्याओं संबंधित एक ज्ञापन सीएमडी को सौंपा। साथ ही एचईसी प्लांट अस्पताल की तर्ज पर पारस एचईसी अस्पताल में भी मेडिकल बुक के आधार पर कर्मियों को निःशुल्क ओपीडी सुविधा देने की मांग की।

उन्होंने एचईसी परिसर के विद्यालयों में 11 वीं और 12 वीं कक्षा के विद्यार्थियों की फीस में रियायत देने का मुद्दा भी उठाया।

संघ के अनुसार, सीएमडी ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक कर इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में एचईसी के तीनों प्लांट के आधुनिकीकरण और कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। बैंक को हर माह करीब तीन करोड़ रुपये ब्याज भुगतान किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि भारी उद्योग मंत्रालय से मुलाकात कर मंत्रालय के सहयोग से समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

कर्मियों के लंबे समय से लंबित प्रमोशन पर भी चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar