home page

एसआईआर में पात्र मतदाताओं का नाम न छूटे इसका ख्याल रखें बीएलओ : दीपिका

 | 
एसआईआर में पात्र मतदाताओं का नाम न छूटे इसका ख्याल रखें बीएलओ : दीपिका


महागामा (गोड्डा), 27 जुलाई (हि.स.)। मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे, इस बात का खास ख्याल रखें। प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए।

मंत्री सोमवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों, बीएलए और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक बीएलए सूची का गंभीरता से परीक्षण करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे या कोई त्रुटि मिले तो उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंत्री ने मेहरमा प्रखंड के अमौर पंचायत सचिवालय में सीमानपुर, अमौर, लकड़मारा, डोय, धनकुड़िया और सुरनी पंचायतों के बीएलए, ठाकुरगंगटी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में सभी पंचायतों के बीएलए तथा महागामा के ऊर्जा नगर में नगर पंचायत क्षेत्र के बीएलओ के साथ अलग-अलग बैठक कर अभियान की प्रगति, बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों और चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की।

दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान बेहतर ढंग से आगे बढ़ रहा है और इसे बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र जैसी दस्तावेजी प्रक्रियाओं में पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहयोग देने का निर्देश दिया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी-पदाधिकारी कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar