शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 28 यूनिट रक्त संग्रह
रांची, 04 अगस्त (हि.स.)।
रांची समाहरणालय में पद्म भूषण एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित शिविर में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उपविकास आयुक्त संजय भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने उपायुक्त को गुलाब का फूल भेंट कर रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसे शिविरों से सिकल सेल सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
शिविर से पूर्व उपायुक्त, एसएसपी तथा अन्य अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित कई अधिकारियों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

