home page

बच्चों के लिए विशेष आधार कार्ड कैंप के लिए चला अभियान

 | 
बच्चों के लिए विशेष आधार कार्ड कैंप के लिए चला अभियान


देवघर, 04 जून (हि.स.)। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में 0 से 05 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 01 जून से 30 जून तक रोस्टर प्रणाली के तहत पंचायत भवनों में विशेष आधार कार्ड कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को जिले के सभी आठ प्रखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का आधार पंजीकरण कराने पहुंचे। जिला प्रशासन की ओर से 0-5 वर्ष के बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। 04 जून को आयोजित आधार नामांकन शिविरों में करौं प्रखंड की बदिया पंचायत, मधुपुर प्रखंड की बड़ानारायणपुर पंचायत, मारगोमुंडा प्रखंड के द्वारपहाड़ी आंगनबाड़ी केंद्र, मोहनपुर प्रखंड के बंका, पालाजोरी के बसबुटिया, सारठ के बसहाटांड़, सारवां के रक्ति, सोनारायठाढ़ी के मगडीहा पंचायत और नगर निगम क्षेत्र के इंदिरा नगर में विशेष कैंप लगाए गए।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे का आधार कार्ड बनवाना है, ताकि उन्हें आंगनबाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने-अपने प्रखंड के रोस्टर के अनुसार नजदीकी पंचायत भवन पहुंचकर बच्चों का आधार नामांकन कराने की अपील की है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 0 से 05 वर्ष आयु के बच्चों के नए आधार नामांकन के लिए माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड और बच्चे का वैध जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस सुविधा से वंचित न रह जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy