राष्ट्रगीत अपमान मामले को लेकर भाजयुमो ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को रांची में शहीद चौक के पास कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस दौरान भाजयुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
भारतीय जनता युवा मोर्चा का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन राहुल गांधी और सोनिया गांधी की ओर से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया गया है। इसके विरोध में रांची के शहीद चौक के पास भाजयुमो की ओर से राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया है।
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो के प्रदेश मीडिया संयोजक प्रिंस कुमार सहित अन्य युवा नेताओं ने कहा कि जिस पार्टी की स्थापना ही एक विदेशी ने की थी, उस पार्टी के नेताओं से राष्ट्रभक्ति की क्या ही उम्मीद की का सकती है। भाजयुमो नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की मानसिकता पूरे देश को मूर्ख समझने की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 अगस्त के एक कार्यक्रम के दौरान जब ‘वंदे मातरम्’ का गायन होना था, उस समय कांग्रेस नेताओं की ओर से इसका विरोध किया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश की राष्ट्रीय भावना और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इसका अपमान कर देशवासियों की भावना को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन की परंपरा शुरू की है। यह एक स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस के नेताओं ने खासकर राहुल गांधी ने राष्ट्र ध्वज का अपमान किया है उसे भाजयुमो के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का गायन हुआ। भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इसी कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का विरोध कर इसका अपमान किया।
इसी क्रम में रांची महानगर जिला युवा मोर्चा की ओर से भी राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। मौर्चा के नेताओं ने कहा कि वे भगवान से प्रार्थना करते हैं कि कांग्रेस नेताओं को सद्बुद्धि मिले और वे देश की भावनाओं का सम्मान करें।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता बबन बैठा, संजय महतो, बलराम सिंह, सचिन साहू, रौनक राजपूत, सन्नी सिंह, वरुण साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

