home page

रामगढ़ में विकसित भारत संकल्प सभा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर चर्चा

 | 
रामगढ़ में विकसित भारत संकल्प सभा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर चर्चा


रामगढ़ में विकसित भारत संकल्प सभा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर चर्चा


-हजारों कार्यकर्ताओं ने एलईडी स्क्रीन पर सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, निकाली सेवा ज्योति यात्रा

रामगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को रामगढ़ जिले के बरकाकाना के घुटूवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया। दुर्गा मंदिर परिसर के समीप मैदान में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

भाजपा रामगढ़ जिला इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान को लेकर चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सभा को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और सेवा ज्योति यात्रा के जिला कार्यक्रम संयोजक सह जिला उपाध्यक्ष बलराम महतो ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। पवित्र ज्योति के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रभारी सुरेंद्र महतो, जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति, रंजीत राम, नूतन कुमार महतो, डॉ. मनोज अगरिया, दिनेश प्रसाद, सुनील प्रसाद, शिव कुमार महतो, विनोद कुमार, भीमसेन चौहान, प्रवीण कुमार सोनू सहित जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की भूमिका रही।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश