संविधान निर्माण में बाबा साहब के आदर्श सदैव रहेंगे प्रासंगिक : आदित्य
रांची 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत के संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय और समानता के पुरोधा भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि बाबा साहेब ने न सिर्फ भारतीय संविधान के निर्माण में महती योगदान दिया, बल्कि स्वतंत्र भारत को लोकतांत्रिक और न्याय व्यवस्थित बनाया। उन्होंने संविधान के पन्नों पर देश की प्रगति और करोड़ों लोगों का उत्थान लिखा। मोदी सरकार आज उनके ही सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए देश के हर वर्ग के विकास को लेकर संकल्पित है। बाबा साहब का संघर्ष, उनके आदर्श और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग सदैव प्रासंगिक रहेंगे।
बाबा साहब ने देश के गरीब, वंचित समाज को दी ताकत : बाबूलाल
मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत के संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और एक न्यायपूर्ण व्यवस्था की नींव रखी। बाबासाहब के आदर्शों को आत्मसात कर हम एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लें, जिससे समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना सुदृढ़ हो। बाबा साहब के समता, न्याय और मानवता के सिद्धांत देशवासियों के लिए सदा अनुकरणीय रहेंगे। संविधान के माध्यम से बाबा साहब ने देश के गरीब, वंचित समाज को ताकत देने का काम किया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, पूर्व विधायक किशुन दास, सूरज चौरसिया, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, कमाल खां, प्रेम मित्तल, दीनदयाल बरनवाल, संदीप वर्मा, शोभा यादव, रमेश सिंह, सुनील साहू, अरुण झा, उषा पांडे, राजश्री जयंती, चंद्रप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
डोरंडा में आंबेडकर चौक पर भी दी गई श्रद्धांजलि
वहीं डोरंडा अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य लोग उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

