home page

हर अच्छे काम का विरोध करना कांग्रेस का इतिहास : आदित्य साहू

 | 
हर अच्छे काम का विरोध करना कांग्रेस का इतिहास : आदित्य साहू


हर अच्छे काम का विरोध करना कांग्रेस का इतिहास : आदित्य साहू


हजारीबाग, 20 अप्रैल( हि.स. )। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अच्छी सोच के साथ देश की देवी स्वरूप महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक लाया था लेकिन हर अच्छे काम का विरोध करना, षड्यंत्र और राजनीति करना, कांग्रेस का इतिहास रहा है।

यह बिल भी कांग्रेस की राजनीति का शिकार हो गया। कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टियों ने राजनीतिक रूप से बहुत बड़ा अपराध और जघन्य पाप करने का काम किया है। इस बिल का विरोध करके झामुमो, कांग्रेस , राजद ने अपना चरित्र देश की महिलाओं को दिखाने का काम किया है। महिलाएं इस राजनीतिक पाप के लिए इन पार्टियों को कभी माफ नहीं करेगी। साहू सोमवार को हजारीबाग में फ्लोरिस्टा होटल में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आयोजित में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के बाद से ही सत्ता में कांग्रेस रही है लेकिन विभिन्न अवसरों पर झारखंड और देश की जनता को ठगने का काम किया है। ये लोग महिलाओं को आरक्षण देने का केवल दिखावा करते हैं, चुनाव के पूर्व घोषणा भी किया लेकिन कभी इस दिशा में ईमानदारी पूर्वक पहल नहीं की। इनकी कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है।

साहू ने कहा कि झारखंड के संदर्भ में देखा जाए तो 6 साल में 10 हजार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं घटी हैं। 03 साल की एक मासूम बच्ची तक को नहीं छोड़ा गया। मेडिकल की छात्रा के साथ जो घटना घटी, वह सर्वविदित है। विष्णुगढ़ मामले में सरकार के इशारे पर प्रशासन ने कैसे मामले को मोड़ने का काम किया यह बताने की जरूरत नहीं है। इसमें आरोपित को भाजपा कार्यकर्ता बतलाना सहित कई प्रकार की बात कर पूरे मामले को बदलने की कोशिश की गई। इसलिए इस मामले की सीबीआई जांच पर बीजेपी आज भी अटल है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। राज्य सरकार सच सामने लाना नहीं चाहती है इसलिए सीबीआई जांच की अनुशंसा से भाग रही है। पूरे राज्य में विकास का काम ठप्प है, बेटियों की आबरू सुरक्षित नहीं है। आदिवासियों की कथित सरकार में आदिवासियों की स्थिति ही चिंताजनक है। उनको भी ठगने का काम किया गया है।

साहू ने कहा कि झारखंड तो इनसे संभल नहीं रहा है और ये लोग बंगाल और असम में जाकर पूरी झारखंड के पैसे को बहा रहे हैं।

इस दौरान कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि पक्ष और विपक्ष लोकतंत्र की सुंदरता है लेकिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दौरान विपक्ष ने जिस प्रकार अपनी भूमिका निभाई, उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। कांग्रेस सहित उनके सहयोगी दलों के लिए महिला सशक्तिकरण की बातें सिर्फ नारेबाजी और झूठे वादे तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि जब निर्णय की बारी आती है तो उनकी संकीर्ण मानसिकता और स्वार्थ उनका दिख जाता है।

विधायक ने कहा कि ये दल ग्रास रूट से नहीं आए हैं बल्कि इन्हें विरासत में सत्ता मिली है। कांग्रेस केे लिए नारी शक्ति सोनिया गांधी से शुरू होती है और प्रियंका गांधी पर खत्म हो जाती है।

इस दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद, हजारीबाग जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष रेणुका साहू, हजारीबाग जिला की महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा, वरिष्ठ नेत्री रत्ना सिन्हा, मंजू नंदिनी, पूनम चौधरी सहित कई महिलाएं मौजूद थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे