home page

भाजपा ने झारखंड बंद को लिया वापस, गिरफ्तार भीम राम भाजपा कार्यकर्ता नहीं : आदित्य

 | 
भाजपा ने झारखंड बंद को लिया वापस, गिरफ्तार भीम राम भाजपा कार्यकर्ता नहीं : आदित्य


भाजपा ने झारखंड बंद को लिया वापस, गिरफ्तार भीम राम भाजपा कार्यकर्ता नहीं : आदित्य


रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने विष्णुगढ़ के कुसुंबा में बच्ची की निर्मम हत्या को लेकर पार्टी की ओर से घोषित तीन अप्रैल के मशाल जुलूस और 9 अप्रैल की झारखंड बंद को वापस लेने की घोषणा की है।

साहू नई दिल्ली से रांची पहुंचते ही प्रदेश कार्यालय में गुरुवार देर रात प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रचंड दबाव के बाद कुसुंबा की बेटी की निर्मम हत्या का उद्भेदन हुआ है, लेकिन आगे इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि बलि देने संबंधी बातों की सच्चाई सामने आए। बलि पत्थर से मारकर नहीं दी जाती है। पुलिस ने जो बातें बताई है उसकी और छानबीन की जरूरत है, पोक्सो एक्ट आदि के उल्लंघन संबंधी बातें भी उजागर हों।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार भीम राम कभी भी किसी स्तर का भाजपा कार्यकर्ता नहीं रहा।मीडिया में सत्ता पक्ष के दबाव में भ्रामक खबरें चलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही जिसके स्वयं प्रदेश अध्यक्ष सहित सांसद विधायक, जिलाध्यक्ष रामनवमी जुलूस त्यौहार के बीच घटना स्थल गए, हजारीबाग बंद और आंदोलन के माध्यम से पुलिस प्रशासन पर दबाव का परिणाम है हत्या के षडयंत्र का उद्भेदन और गिरफ्तारी।

उन्होंने कहा कि आज जो सड़कों पर झंडा लेकर कांग्रेस-झामुमो के लोग नाच रहे,अनर्गल बयानबाजी कर रहे वे 8 दिन तक किस बिल में छुपे थे।क्यों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,विधायक कल्पना सोरेन ने कोई ट्वीट तक नहीं किया। क्यों नहीं घटना स्थल गए।

उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य में लगातार लूट, हत्या दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी है। अब तो हिंदू पर्व त्योहारों में पत्थरबाजी आम बात हो गई है।ये सब सरकार के तुष्टीकरण नीति का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चेते,विधि व्यवस्था को ठीक करे, पुलिस प्रशासन को बालू, कोयला और पत्थर चोरों से वसूली कराना बंद करे।

उन्होंने कहा कि भाजपा चेतावनी देती है कि पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में फिर कोई बेटी की इज्जत नहीं लूटी जाए, हत्या नहीं हो, खनिज बालू, पत्थर की लूट बंद हो। नहीं तो भाजपा कार्यकर्ता झारखंड को ठप करेंगे, सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह,प्रवक्ता अजय साह भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे