प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय रांची में पार्टी अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक मंगलवार रात को संपन्न हुई। बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने मीडिया को ब्रीफिंग करते हुए कहा कि इस बैठक में राज्य की वर्तमान स्थिति के अलावा सांगठनिक विषयों पर भी लंबी चर्चा हुई।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आज राज्य की जो राजनीतिक हालात उत्पन्न हुई है, उन हालातो को लेकर भाजपा ने चिंता व्यक्त की है। खासकर जिस प्रकार से छात्रों के साथ लगातार अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, उसको लेकर पार्टी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। साथ ही कई कार्यक्रम आगामी दिनों में तय किए गए हैं। जिसमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक के रूप पिछले 12 साल से अनवरत जनसेवा करते हुए देश सेवा में उनके अब तक जो 25 साल पूरे हुए हैं, उसको लेकर सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के हर वर्ग के लिए इस दौरान चलाए गए कल्याणकारी योजनाओं को लेकर हमारी पार्टी जन जन तक पहुंचेगी। इस अभियान के तहत कई कार्यक्रम भी तय हुए हैं। इसके साथ अन्य कई विषयों पर भी लंबी चर्चा हुई। वहीं प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार भी कई कार्यक्रम तय किए हैं।
इस दौरान बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा एवं मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रविन्द्र कुमार राय एवं दिनेशानंद गोस्वामी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, अनंत ओझा उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

