home page

झूठे सपने दिखाकर जनता को ठगना बंद करें, हेमंत सोरेन पर भाजपा का हमला

 | 
झूठे सपने दिखाकर जनता को ठगना बंद करें, हेमंत सोरेन पर भाजपा का हमला


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे झारखंड की जनता को झूठे सपने दिखाकर ठगना बंद करें।

गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संदीप वर्मा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने युवाओं को रोजगार का सपना दिखाया, लेकिन लाखों युवा आज भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिया गया, लेकिन प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। अब सरकार नए उद्योगों और निवेश का सपना दिखा रही है, जबकि धरातल पर इसकी तस्वीर बिल्कुल अलग दिखाई देती है।

वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हेमंत सोरेन की सरकार से सात वर्षों का हिसाब मांगती है। वह बताएं कि उनके कार्यकाल में झारखंड में कितने बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं और उनसे कितने स्थायी रोजगार का सृजन हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक भी बड़ा उद्योग स्थापित कराने में सफल नहीं रही है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री सोरेन अपने पूरे प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वीडन, स्पेन, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन की यात्रा पर गए थे। अब उस यात्रा को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। सरकार को बताना चाहिए कि इस विदेश दौरे पर राज्य की जनता के कर के कितने पैसे खर्च किए गए और उसके बदले झारखंड को अब तक कितना वास्तविक निवेश प्राप्त हुआ तथा कितनी परियोजनाएं धरातल पर उतरीं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और डिजिटल गवर्नेंस की बात करती है, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक राज्य में कितने आईटी पार्क, स्टार्टअप हब, टेक्नोलॉजी सेंटर या इनोवेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिससे झारखंड के युवाओं को आधुनिक रोजगार के अवसर मिल सकें।

संदीप वर्मा ने आरोप लगाया कि झारखंड प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला राज्य है, लेकिन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आज भी सड़क, पेयजल, शौचालय, आवास, सुरक्षा और प्रचार-प्रसार जैसी बुनियादी सुविधाएं संतोषजनक नहीं हैं। सरकार बताए कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी निवेशक के लिए सबसे पहली आवश्यकता सुरक्षित, पारदर्शी और कानून आधारित वातावरण होती है। झारखंड में लगातार बढ़ती रंगदारी, अपराध, अवैध खनन और भ्रष्टाचार की घटनाएं निवेशकों का विश्वास कमजोर करती हैं। सरकार स्पष्ट करे कि इन गंभीर समस्याओं पर अब तक कौन-कौन से प्रभावी और परिणामकारी कदम उठाए गए हैं।

वर्मा ने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल घोषणाएं और बड़े-बड़े भाषण नहीं बल्कि जमीन पर परिणाम चाहती है। मुख्यमंत्री सोरेन को निवेश, उद्योग, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। भाजपा राज्य सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की अपेक्षा करती है तथा जनता के हितों से जुड़े इन सवालों का उत्तर मांगती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे