home page

लोहरदगा में बिजली-पानी संकट पर भाजपा का प्रदर्शन

 | 

लाेहरदगा, 12 मई (हि.स.)। लोहरदगा में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घड़ा फोड़कर अपना विरोध जताया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

मौके पर विधायक शशिभूषण मेहता के नेतृत्व मे जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के साथ कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने धरना देते हुए राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “हेमंत सरकार मुर्दाबाद” और “जनता को पानी-बिजली दो” जैसे नारे लगाए। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं ने घड़ा फोड़ प्रदर्शन भी किया।

मौके पर विधायक मेहता ने कहा कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। लोहरदगा की जनता बिजली और पानी की समस्या से परेशान है, लेकिन सरकार केवल वादे कर रही है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में लोग बिजली और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना के बाद राज्यपाल के नाम उपायुक्त लोहरदगा को ज्ञापन भी दिया गया। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर