home page

पेयजल संकट और बिजली कटौती के खिलाफ भाजपा महानगर का हल्लाबोल ०७ को

 | 
पेयजल संकट और बिजली कटौती के खिलाफ भाजपा महानगर का हल्लाबोल ०७ को


पूर्वी सिंहभूम, 03 मई (हि.स.)। राज्य में लगातार गहराते पेयजल संकट और अघोषित बिजली कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। इस गंभीर जनसमस्याओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ०7 मई को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इसको लेकर रविवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में साकची स्थित जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में ०7 मई को प्रस्तावित प्रदर्शन की व्यापक सफलता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा करते हुए रूपरेखा तय की गई। इसके साथ ही, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी पदाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर की जनता बिजली संकट और पेयजल समस्या से त्रस्त है। एक ओर लोग पानी के लिए भटक रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर, अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो-कांग्रेस सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन और निष्क्रिय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोग पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं, लेकिन सरकार इन सबसे बेखबर होकर मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने को तैयार है। ०7 मई को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार को नींद से जगाने का काम किया जाएगा।

बैठक में नवनियुक्त सभी जिला पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी। बैठक में झारखंड भाजपा के प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय सहित अन्य मौजूद थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक