झारखंड विधानसभा में पेश किया गया राज्य सरकार का बजट दिशाहीन एवं तथ्यहीन : आदित्य साहू
रांची, 24 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार की ओर से विधानसभा में पेश किए गए बजट को दिशाहीन और तथ्यहीन करार दिया है।
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि 1.58 लाख करोड़ रुपये का बजट केवल गोलमटोल आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण है, जिसमें राज्य के विकास का कोई स्पष्ट विजन नजर नहीं आता। उन्होंने इसे “रंगहीन और खुशबू विहीन” बजट बताया।
आदित्य साहू ने कहा कि बजट भाषण के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वित्त मंत्री आधे मन से भाषण पढ़ रहे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने भी एक बार मेज थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री पहले स्वयं कह चुके हैं कि उन्हें बजट की जानकारी नहीं दी गई, जबकि अब उसे आदर्श बजट बताया जा रहा है। साहू ने कहा कि यह समझ से परे है कि सरकार किस दिशा में काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाया की बात बार-बार करती है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं करती कि यह राशि कब और किस मद में बकाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे को अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए उठा रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि सरकार बजट को “बाल बजट” बता रही है, लेकिन राज्य के हजारों लापता बच्चों का कोई जिक्र नहीं है। थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने जैसी गंभीर घटनाओं पर भी कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जेंडर बजट की बात तो की जा रही है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए कोई ठोस योजना नहीं दिखती।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सरकार ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन 2450 रुपये भी किसानों तक नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि बिचौलियों ने इसका लाभ उठा लिया। इसके अलावा 400 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा का भी बजट में कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकार पैसों की कमी न होने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर घोषणाओं को लागू करने में पूरी तरह विफल रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

