भाजपा की पदयात्रा महज एक राजनीतिक फोटोशूट है : कमलेश
रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा की सोमवार को आयोजित हुई लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा की यह पदयात्रा सिर्फ राजनीतिक फोटोशूट है।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा लोकतंत्र बचाने का कोई गंभीर प्रयास नहीं है। भाजपा का लोकतंत्र प्रेम पूरी तरह दिखावटी है। यदि भाजपा वास्तव में लोकतंत्र बचाना चाहती है और देश से अराजकता हटाना चाहती है, तो उसे सबसे पहले चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेने की मांग करनी चाहिए।
कमलेश ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किस लोकतंत्र को बचाने और किस अराजकता को हटाने की बात वह कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस देश में मतदाताओं के मताधिकार पर सवाल उठ रहे हों, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता संदेह के घेरे में हो और विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही की मांग कर रहा हो, वहां भाजपा की पदयात्रा जनता की आंखों में धूल झोंकने के अलावा कुछ नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

