home page

मझगांव में भाजपा का बूथ प्रशिक्षण शिविर, संगठन विस्तार और मतदाता पुनरीक्षण पर मंथन

 | 
मझगांव में भाजपा का बूथ प्रशिक्षण शिविर, संगठन विस्तार और मतदाता पुनरीक्षण पर मंथन


पश्चिमी सिंहभूम,12 जुलाई (हि.स.)। जिले के मझगांव मंडल अंतर्गत चतरी साई में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से बूथ स्तर के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण सह मंडल कार्यसमिति पदाधिकारियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत ने की। प्रशिक्षण शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने,बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने और अपने-अपने बूथ की पूरी जानकारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद आवश्यक है, इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने और त्रुटियों को दूर कराने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला है।कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ गांव-गांव तक संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाना चाहिए। साथ ही आम लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं को भी संगठन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

प्रशिक्षण सत्र में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई।

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मजहर हुसैन,अनिल बिरुली, महामंत्री पवन कुमार कालिंदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद गोप, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश दोड़ाई, जगदीश नायक, संजीव माटीया, बेबी सिंपल पिंगुवा, बुधराम हेंब्रम, कांग्रेस मांझी, मोहम्मद मुमताज सहित मंडल कार्यसमिति के पदाधिकारी, बीएलए-2 कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक