home page

जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन के समक्ष प्रदर्शन

 | 
जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन के समक्ष प्रदर्शन


जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन के समक्ष प्रदर्शन


जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन के समक्ष प्रदर्शन


-सीमा सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब, बैरिकेडिंग के पास पुलिस से हुई नोक-झोंक

रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को रांची में कांग्रेस भवन के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से जुलूस के रूप में निकलीं। उनके हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, जेएनयू की घटना पर जवाब दो” और “राहुल गांधी शर्म करो” जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस भवन पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग के सामने विरोध जताया। बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच नोक-झोंक हुई। इसके बाद महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं, जबकि प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े गंभीर मामले सामने आने पर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया धीमी क्यों पड़ जाती है। उन्होंने कांग्रेस से इस प्रकरण पर स्पष्ट रुख अपनाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

सीमा सिंह ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय का मुद्दा किसी राजनीतिक दल के लिए केवल नारेबाजी का विषय नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है और कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस मामले में अपनी आवाज उठाता रहेगा।

रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी कांग्रेस नेतृत्व से प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, इसलिए इस मामले में भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोपों और जांच के निष्कर्षों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए तथा ऐसे मामलों में निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित होना चाहिए।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लभली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जायसवाल, सुनीता सोनी और रेनू सिंह सहित कई महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। इनके अलावा किरण देवी, केके गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संकेत तिवारी और नीरज चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे