home page

भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

 | 
भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर


देवघर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला महिला मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह शामिल हुईं। बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए जिला से लेकर बूथ स्तर तक महिला मोर्चा को मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया।

सीमा सिंह ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने और उनके विकास के बारे में सोचने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महिलाओं के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाएं देश की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं और भाजपा के नेतृत्व पर उनका विश्वास मजबूत हुआ है। राज्य में महिला संगठन को और सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने, सभी साथियों को साथ लेकर चलने और संगठन में अनुशासन का पालन करने की अपील की।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व विधायक नारायण दास, विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, नवल राय, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, सुलोचना देवी, अलका सोनी, ममता गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy