झारखंड में कांग्रेस सहयोगियों के साथ मिलकर कर रही जनता को गुमराह : बाबूलाल
दुमका , 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से गुरुवार काे हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस के खिलाफ पदयात्रा कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन सहित पार्टी के कई नेता शामिल हुए। यज्ञ मैदान से शुरू हुई पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंची पदयात्रा जनसभा में तब्दील हो गई।
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र प्रेम केवल दिखावा है। जिस पार्टी ने वर्षों तक देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, आज वही पार्टी लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का ढोंग कर रही है। झारखंड में भी कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। राज्य की खनिज संपदा को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है और जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हो रहा है। अब झारखंड की जनता इस सरकार के कारनामों का हिसाब मांग रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि झारखंड की जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ इस सरकार को सत्ता सौंपी थी, उस विश्वास को पूरी तरह तोड़ दिया गया है। राज्य में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अव्यवस्था दिखाई देती है। आदिवासियों और मूलवासियों के हितों की बात करने वाली सरकार उनके जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने में विफल साबित हो रही है। झारखंड की अस्मिता के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता अब इस सरकार से जवाब चाहती है।
सीता सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार के शासन में झारखंड की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आदिवासी समाज की जमीन और पहचान पर संकट गहराता जा रहा है। संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ का मामला बेहद गंभीर है, लेकिन सरकार इस पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। आखिर सरकार किसे बचाना चाहती है। झारखंड की बेटियां, आदिवासी समाज और आम जनता अब खोखले वादों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
सभा में भाजपा नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचार, घुसपैठ, कुशासन और अराजकता से मुक्त कराना समय की मांग है। हेमंत सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। भाजपा कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र, झारखंड की अस्मिता और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा सहित पार्टी के सैकडों शामिल थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

